वाराणसी।
सरैया वार्ड निवासी मोहम्मद एहसान ने अपनी माँ श्रीमती साबरा बीबी का इलाज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हरिबंधू अस्पताल, पंचकोशी रोड, वाराणसी में कराया। इलाज के दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा आयुष्मान योजना के बावजूद उनसे जाँच शुल्क, बाहरी डॉक्टर की फीस और एम्बुलेंस शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूल किए गए।
पीड़ित मोहम्मद एहसान ने इसकी शिकायत 12 सितंबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी को साक्ष्यों सहित ईमेल द्वारा भेजी, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही न होने से यह सवाल खड़ा हो गया है कि कहीं निजी अस्पतालों की मनमानी को प्रशासनिक संरक्षण तो प्राप्त नहीं है।
इस अन्याय के खिलाफ पहरा संगठन ने पीड़ित के साथ मिलकर संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी वाराणसी को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जाँच, अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज की समीक्षा, और अतिरिक्त वसूली की गई राशि वापस कराने की मांग की है।
पहरा का मानना है कि आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि निजी अस्पताल इसमें लाभार्थियों से अवैध वसूली करते हैं तो यह योजना की आत्मा और संविधान दोनों के खिलाफ है।
इस हस्तक्षेप ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि नागरिक संगठित होकर आवाज़ उठाएँ तो किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण वसूली और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें