सामुदायिक बैठक की संक्षिप्त रिपोर्ट
स्थान: अलईपुरा वार्ड, नक्खीघाट समुदाय (उंचवा एवं शक्कर तालाब)
आयोजक: पहरा–वाराणसी
नेतृत्व:
-
उंचवा – सामुदायिक स्वयंसेवक श्री मुमताज़
-
शक्कर तालाब – सामुदायिक स्वयंसेवक श्री शमीम अहमद
पहरा–वाराणसी द्वारा वाराणसी जनपद के अलईपुरा वार्ड अंतर्गत नक्खीघाट समुदाय के उंचवा एवं शक्कर तालाब क्षेत्रों में सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनना एवं उनके समाधान हेतु सामूहिक रणनीति तय करना था।
1. नक्खीघाट (उंचवा) – श्री मुमताज़ के नेतृत्व में बैठक
इस बैठक में उपस्थित समुदाय के लोगों द्वारा निम्नलिखित प्रमुख समस्याएँ रखी गईं—
-
सीवर समस्या:
उपस्थित नागरिकों ने बताया कि उनके घरों में सीवर कनेक्शन नहीं है, इसके बावजूद नगर निगम द्वारा वर्ष 2023 से सीवर चार्ज जोड़कर बकाया दर्शाया जा रहा है।इस संबंध में स्थानीय निवासी श्री इम्तियाज़ द्वारा संविधान दिवस पर जारी पहरा के कैलेंडर में उपलब्ध टोल फ्री नंबर 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद नगर निगम के कर्मचारी मौके पर आए, परंतु मकान को नदी सीमा क्षेत्र में होने की बात कहकर सीवर कनेक्शन बिछाने से इंकार कर दिया गया।
-
बिजली कनेक्शन की समस्या:
लोगों ने बताया कि उनके घरों का बिजली कनेक्शन लगभग 150 मीटर दूर स्थित पोल से लिया गया है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। आए दिन केबल टूटने की घटनाएँ होती रहती हैं। -
पेयजल आपूर्ति:
समुदाय के अनुसार पीने के पानी की आपूर्ति सुबह-शाम केवल लगभग 1 घंटे के लिए ही होती है, जो पर्याप्त नहीं है।
इन सभी समस्याओं पर श्री अनिल कुमार मौर्य द्वारा सुझाव दिया गया कि सर्वप्रथम तहसील दिवस के माध्यम से लिखित शिकायत कर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया जाए। शिकायत के उपरांत प्राप्त होने वाली आख्या (रिपोर्ट) के आधार पर आगे की कार्यवाही एवं रणनीति पर विचार किया जाएगा। कुल 21 लोग उपस्थित थें
2. नक्खीघाट (शक्कर तालाब) – श्री शमीम अहमद के नेतृत्व में बैठक
इस बैठक में समुदाय की सबसे गंभीर समस्या के रूप में यह तथ्य सामने आया कि—
-
लगभग 70 मकानों के बीच से 2 फीट चौड़ा खुला नाला बहता है, जो पूरी तरह से खुला हुआ है।
-
इसके कारण क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है तथा छोटे बच्चों के नाले में गिरने का हमेशा खतरा बना रहता है।
इस गंभीर समस्या पर श्री अनिल कुमार मौर्य द्वारा सुझाव दिया गया कि पहले सामूहिक रूप से नाले की तस्वीरें संलग्न करते हुए प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार को ऑनलाइन शिकायत भेजी जाए तथा समस्या से शासन को अवगत कराया जाए। शिकायत पर प्राप्त आख्या के पश्चात आगे की रणनीति तय की जाएगी। कुल 15 लोग उपस्थित थें |
इस सुझाव पर बैठक में उपस्थित सभी निवासियों ने सहमति व्यक्त की।
बैठक का समापन
अन्य कोई विषय न होने पर दोनों बैठकों का समापन सामूहिक सहमति के साथ किया गया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें